बिहार विधानसभा में उठी पैड पीरियड लीव की मांग, रंजीता के अभियान को MLA ललन कुमार का सपोर्ट

छत्‍तीसगढ़ की छात्रा रंजीता प्रियदर्शिनी के अभियान पैड पीरियड लीव की गूंज अब बिहार विधानसभा में भी सुनाई दी है। बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ललन कुमार ने निजी क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं के लिए भी माहवारी के दौरान एक दिन का सवेतन अवकाश दिए जाने की मांग उठाई।

विधायक ललन कुमार ने कहा कि उन्‍हें मीडिया के जरिए पता चला कि रंजीता प्रियदर्शिनी पैड पीरियड लीव अभियान चला रही है। मुझे इस बात पर भी गर्व है कि भारत में बिहार पहला राज्‍य है जिसने पैड पीरियड लीव को 1992 में ही लागू कर दिया था, मगर बिहार में यह प्रावधान फिलहाल सरकारी क्षेत्र में ही लागू है। इसके दायरे में निजी संस्‍थानों को भी लाए जाने की दरकार है।

विधायक ललन कुमार ने कहा कि पैड पीरियड लीव को कानून बनाकर न केवल बिहार बल्कि देशव्‍यापी स्‍तर पर निजी संस्‍थानों में लागू किया जाना चाहिए। मैं रंजीता प्रियदर्शिनी के पैड पीरियड लीव का समर्थन करता हूं। इसको लागू करवाने के लिए जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक आवाज भी उठाऊंगा। बिहार के स्त्रीकाल के संपादक संजीव चंदन जी ने भी रंजीता के अभियान पेड पीरियड लीव का समर्थन किया।

इधर, अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रंजीता राजस्‍थान के दौरे पर रही। इस दौरान झुंझुनूं जिला मुख्‍यालय पर जिला पर्यावरण सुधार समिति में पैड पीरियड लीव अभियान लागू करवाया। समिति के सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि उन्‍होंने तय किया है कि उनके यहां कार्यरत सभी महिला स्टाफ को माहवारी के दौरान एक दिन का सवेतन अवकाश दिया जाएगा।

उल्‍लेखनीय है कि रंजीता प्रियदर्शिनी ने पिछले साल जॉब छोड़कर पेड पीरियड अभियान लांच किया था। रंजीता अब तब उड़ीसा, छत्‍तीसगढ़, उत्‍तर प्रदेश, दिल्‍ली, राजस्‍थान, बिहार, मध्‍य प्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पुदुचेरी व झारखंड समेत कई राज्‍यों के नेताओं से मुलाकात कर पेड पीरियड लीव लागू करवाने के लिए ज्ञापन दे चुकी है। इसके अलावा देश में सभी कामकाजी महिलाओं को पेड पीरियड लीव की सुविधा मुहैया करवाने के लिए केंद्रीय मंत्रियों से भी मिल रही है।