Placeholder canvas

ईशान किशन की 15.25 करोड़ रुपये नीलामी पर वॉटसन ने कही ऐसी बात, उनके फैंस बुरा मान जाएंगे

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन (Shane Watson) का मानना है कि मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने नीलामी के दौरान ईशान किशन (Ishan Kishan) पर 15.25 करोड़ रुपये खर्च कर बहुत बड़ी गलती कर दी। किशन को बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी मानते हुए भी वॉटसन (Watson) ने कहा कि इससे टीम की ओवरऑल क्वॉलिटी पर अच्छा असर नहीं पड़ा।

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma), जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah), सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और कायरन पोलार्ड (Kieron Pollard) को रीटेन किया। फरवरी में हुई खिलाड़ियों की महा-नीलामी से पहले मुंबई ने इन्हीं चारों को टीम में रखा। पांच बार की चैंपियन टीम इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2022 में लगातार पांच मैच हार चुकी है। इस सीजन में मुंबई इकलौती टीम है जिसने कोई भी मुकाबला नहीं जीता है।

द ग्रेड क्रिकेटर’ से बात करते हुए वॉटसन ने कहा कि मुंबई के इस आईपीएल (IPL 2022) में संघर्ष से उन्हें बहुत ज्यादा हैरानी नहीं है। दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच ने कहा कि मुंबई के टेबल में सबसे नीचे होने पर उन्हें कोई हैरानी नहीं है क्योंकि नीलामी में उसने कई गलतियां कीं।

वॉटसन ने कहा, ‘मुझे यह हैरान नहीं करता कि मुंबई पॉइंट्स (Mumbai Indians Table) टेबल में सबसे नीचे हैं क्योंकि उनकी प्लेयर्स नीलामी बहुत खराब रही। उन्होंने ईशान किशन (Ishan Kishan) पर बहुत अधिक धन खर्च किया… वह बहुत प्रतिभाशाली और हुनरमंद खिलाड़ी है लेकिन उस एक खिलाड़ी पर अपनी लगभग पूरी सैलरी लगा देना सही नहीं था। फिर उसके बाद जोफ्रा आर्चर पर बोली लगाना, जबकि आपको यह भी नहीं पता कि उनकी वापसी होगी या नहीं। उन्होंने काफी समय से क्रिकेट नहीं खेला है। उनकी टीम में काफी कमियां नजर आ रही हैं।’

मुंबई ने आईपीएल 2022 में पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ हारा। इसके बाद उन्हें राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स के खिलाफ भी हारा का सामना करना पड़ा। मुंबई अभी 10वें स्थान पर है और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसके लिए बहुत मुश्किल नजर आ रहा है।