Rohit Sharma
Rohit Sharma

Rohit Sharma Records: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में आयोजित दूसरे टी20 मुकाबले (Ind vs Aus 2nd T20) में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का जलवा देखने को मिला।

रोहित (Rohit Sharma) ने महज 20 बॉल पर ही 46 रन बना दिए, जिसमें चार छक्के और इतने ही चौके शामिल थे। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत भारतीय टीम छह विकेट से मुकाबला जीतने में सफल रही। रोहित शर्मा ने अपनी इस तूफानी पारी के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड (Rohit Sharma Records) भी अपने नाम कर लिया।

दरअसल, 34 साल के रोहित शर्मा (Rohit Sharma Records) अब न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल को पछाड़कर टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। दूसरे टी20 से पहले रोहित और गुप्टिल दोनों के ही नाम पर 172 सिक्सर्स दर्ज थे। रोहित शर्मा ने भारतीय पारी के पहले ही ओवर में तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की गेंद पर गगनचुंबी छक्का लगाकर गुप्टिल को पीछे छोड़ दिया।

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा सिक्स

  • रोहित शर्मा (भारत)- 138 मैच, 176 छक्के
  • मार्टिन गप्टिल (न्यूजीलैंड)- 121 मैच, 172 छक्के
  • क्रिस गेल (विंडीज)- 79 मैच, 124 छक्के
  • इयोन मॉर्गन (इंग्लैंड/आयरलैंड)- 115 मैच, 120 छक्के
  • एरॉन फिंच (ऑस्ट्रेलिया)- 94 मैच, 119 छक्के

रोहित के नाम टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक रन

रोहित शर्मा पहले से ही टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर हैं। रोहित शर्मा ने अबतक138 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम पर 32.53 के एवरेज से 3677 रन दर्ज हैं। टी20 इंटरनेशनल में अब तक रोहित शर्मा ने चार शतक और‌ 28 अर्धशतक लगाए हैं। इस लिस्ट में दूसरा नंबर पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का है। विराट कोहली ने अब तक 106 मुकाबलों में 50.66 की औसत से 3597 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 32 अर्धशतक शामिल रहे।

यह भी पढ़ें: Ind vs Aus 2nd T20: रोहित-अक्षर ने कंगारुओं का किया बुरा हाल, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से रौंदा

मार्टिन गुप्टिल फिलहाल तीसरे नंबर पर

मार्टिन गुप्टिल टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। गुप्टिल ने अबतक 121 टी20 इंटरनेशनल में 31।79 की औसत से 3497 रन बनाए हैं। इस दौरान गुप्टिल के बल्ले से दो शतक और 20 अर्धशतक निकले हैं। आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग 3011 रन के साथ चौथे जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान एरॉन फिंच 2908 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

रोहित शर्मा दिग्गज एमएस धोनी के बाद टी20 इंटरनेशनल में भारत के दूसरे सबसे सफलतम कप्तान भी हैं। धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। रोहित इस साल अक्टूबर-नवंबर में खेले जाने वाले ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप 2022 में भारत का नेतृत्व भी करने जा रहे हैं।

टी20 क्रिकेट के हैं किंग

रोहित शर्मा (Rohit Sharma) टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उनके नाम ही टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 4 शतक दर्ज हैं। उनके पास ओपनिंग करने का अपार अनुभव मौजूद है। एक बार रोहित शर्मा क्रीज पर सेट हो जाएं, तो रनों की बरसात होना लाजिमी है। दुनिया के बड़े से बड़े बॉलर उनसे खौफ खाते हैं। रोहित शर्मा आक्रामक बैटिंग के लिए फेमस हैं।

तीनों ही फॉर्मेट में जिताए मैच

रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने भारत के लिए तीनों ही फॉर्मेट में क्रिकेट खेला है। उन्होंने भारत के लिए 138 मैचों में कुल 3677 रन बनाए हैं। 233 वनडे मैचों में 9376 रन बनाए हैं। वहीं, टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 3137 रन बनाए हैं। वह तीनों ही फॉर्मेट में भारत के बेहद भरोसेमंद बल्लेबाज हैं।

आठ-आठ ओवर का हुआ था मुकाबला

टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पुनर्निधारित आठ ओवरों में पांच विकेट पर 90 रन बनाए थे। मैथ्यू वेड ने सबसे ज्यादा 43 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं एरॉन फिंच ने 31 रनों का योगदान दिया। भारत के लिए अक्षर पटेल ने सबसे ज्यादा दो विकेट चटकाए। जवाब में भारत ने चार गेंद बाकी रहते मैच जीत लिया। रोहित शर्मा ने 46 और कोहली ने 11 रनों का योगदान दिया।


Discover more from Newzbulletin

Subscribe to get the latest posts sent to your email.