FIFA 2022 Portugal vs Ghana
FIFA 2022 Portugal vs Ghana

FIFA 2022: पुर्तगाल ने ग्रुप-एच के मुकाबले में घाना (Portugal vs Ghana) को 3-2 से हरा दिया। इस रोमांचक मैच में हाफ-टाइम तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी थीं। पांचों गोल दूसरे हाफ में आखिरी 25 मिनट में आए। 65वें मिनट में पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने मैच का पहला गोल दागा और इतिहास रच दिया। वह फीफा वर्ल्ड कप के पांचवें संस्करण में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए।

इसके बाद 73वें मिनट में घाना (FIFA 2022 Portugal vs Ghana) की ओर से कप्तान आंद्रे एयू ने गोल दाग घाना की वापसी कराई। हालांकि, 78वें मिनट में जोआओ फेलिक्स और 80वें मिनट में राफेल लियाओ ने गोल दाग पुर्तगाल को 3-1 से आगे कर दिया। 89वें मिनट में घाना के ओसमान बुकारी ने गोल दाग घाना को मैच में वापस लाने की कोशिश की।

अंक तालिका में शीर्ष पर पुर्तगाल

इस जीत के साथ पुर्तगाल (FIFA 2022 Portugal vs Ghana) की टीम ग्रुप-एच में तीन अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, उरुग्वे और कोरिया रिपब्लिक के एक-एक अंक हैं। घाना की टीम सबसे नीचे चौथे स्थान पर है। पुर्तगाल की फीफा रैंकिंग नौ है, जबकि घाना 61वें स्थान पर है।

पुर्तगाल की टीम ने ओपनिंग मैच में बनाया रिकॉर्ड

पुर्तगाल की टीम 2006 फीफा वर्ल्ड कप के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट में अपना ओपनिंग मैच जीतने में कामयाब हो पाई है। 2010, 2014 और 2018 फीफा वर्ल्ड कप में टीम जीत नहीं पाई थी। दो मौके पर मैच ड्रॉ हुए, जबकि एक मैच पुर्तगाल ने गंवाया। पुर्तगाल ने साथ ही अफ्रीकन देशों के खिलाफ अपने नहीं हारने का रिकॉर्ड बरकरार रखा। पुर्तगाल ने वर्ल्ड कप में अफ्रीकन देशों के खिलाफ चार मैचों जीते हैं और एक मैच ड्रॉ रहा है।

फेलिक्स और राफेल ने बनाया रिकॉर्ड

पुर्तगाल के लिए जोआओ फेलिक्स और राफेल लियाओ ने गोल दागे। इन दोनों का यह पहला वर्ल्ड कप है। 1966 के बाद पहली बार पुर्तगाल के लिए फीफा वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रहे दो खिलाड़ियों ने गोल दागा है। 1966 में हंगरी के खिलाफ पुर्तगाल के लिए फीफा वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रहे जोस टोरेस और जोस ऑगस्टो ने गोल किया था। फेलिक्स ने पुर्तगाल के लिए पिछले 12 मैचों में पहला गोल दागा। पिछली बार उन्होंने क्रोएशिया के खिलाफ नवंबर 2020 में गोल दागा था।

ब्रूनो फर्नांडीस ने बनाया रिकॉर्ड

फेलिक्स और राफेल लियाओ दोनों ने ब्रूनो फर्नांडीस के असिस्ट पर गोल दागे। यानी दोनों गोल में ब्रूनो का अहम किरदार रहा। ब्रूनो एक वर्ल्ड कप मैच में दो असिस्ट करने वाले पुर्तगाल के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले जोस टोरेस ने 1966 में ब्राजील के खिलाफ ऐसा किया था।


Discover more from Newzbulletin

Subscribe to get the latest posts sent to your email.