Placeholder canvas

46 डिग्री के साथ प्रयागराज की गर्मी टॉप पर, दिल्ली ने तोड़ा 12 साल का रिकॉर्ड

गर्मी ने लोगों की अग्निपरीक्षा लेनी शुरू कर दी है और आने वाले दिनों में भी इससे राहत नहीं मिलने वाली है। पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत 18 राज्यों के 20 से ज्यादा शहरों में पारा 45 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। इसमें 46 डिग्री के साथ UP का प्रयागराज टॉप पर है।

दिल्ली में गर्मी ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
दिल्ली में गर्मी ने शुक्रवार को 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले अप्रैल में 43.5 डिग्री से ज्यादा तापमान 2010 में रिकॉर्ड हुआ था। तब अप्रैल की 18 तारीख को पारा 43.7 तक पहुंचा था।

अभी पारा नीचे आने के कोई आसार नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले 5 दिनों तक लू चलती रहेगी। पूर्वी भारत में 3 दिन बाद गर्म हवा के थपेड़ों में थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।

UP के प्रयागराज समेत 4 शहरों का पारा 45 डिग्री के पार
उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। गुरुवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी, आगरा और कानपुर में भी पारा 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। 

अप्रैल के अंत तक मैदानी इलाकों में 45-46 डिग्री सेल्सियस सामान्य नहीं
मौसम विज्ञानी नवदीप दहिया ने बताया कि राजस्थान के चुरू, बाड़मेर, बीकानेर और श्री गंगानगर जैसे स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस सामान्य है, लेकिन अप्रैल के अंत तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 45-46 डिग्री सेल्सियस सामान्य नहीं है।