Placeholder canvas

दुनिया के सबसे अमीर आदमी बनने वाले हैं गौतम अडानी! संपत्ति में 2.04 अरब डॉलर की बढ़ोतरी

अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति में सोमवार को 2.04 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। वह भी तब जब शेयर बाजार औधेमुंह गिरे थे। इस बढ़ोतरी के साथ अडानी और अंबानी के बीच चल रही दौलत की रेस में अब अडानी काफी आगे निकल आए हैं।

दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में अडानी छठे नंबर पर हैं और अब वह वॉरेन बफेट से महज 5 अरब डॉलर दूर हैं। अडानी की संपत्ति अगर ऐसे ही बढ़ती रही तो अगले तीन दिन में वह वॉरेन बप्ऊेट को पछाड़कर 5वें नंबर पर पहुंच जाएंगे।

इस साल अब तक 43.9 अरब डॉलर बढ़ चुकी है

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के ताजे आंकड़ों के मुताबिक गौतम अडानी की संपत्ति इस साल अब तक 43.9 अरब डॉलर बढ़ चुकी है।  वहीं इस दौरान दुनिया के सबसे बड़े रईस और लिस्ट में नंबर वन पोजीशन पर काबिज एलन मस्क के नेटवर्थ में 15 अरब डॉलर की कमी आई है। इसके बावजदू वह 255 अरब डॉलर के साथ पहले नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर जेफ बेजोस हैं, जिनकी संपत्ति इस साल अब तक 15.1 अरब डॉलर कम हुई है।

सबसे ज्यादा नुकसान बर्नार्ड अर्नाल्ट को
इस साल सबसे ज्यादा नुकसान बर्नार्ड अर्नाल्ट को हुआ है। वह 35.4 अरब डॉलर गंवाकर 143 अरब डॉलर के साथ तीसरे नंबर पर है। बिल गेट्स की संपत्ति में भी इस साल अब तक 8.6 अरब डॉलर की सेंध लग चुकी है। रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति इस साल भले ही 4.40 अरब डॉलर बढ़ी हो, लेकिन वह कमाई में गौतम अडानी से करीब 10 ग्रुना पीछे रह गए हैं। अब वह 94.4 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ 11वें स्थान पर हैं।

1981 से अडानी की किस्मत चमकनी शुरू हुई

दरअसल  1981 से अडानी की किस्मत चमकनी शुरू हुई।  उनके बड़े भाई ने उन्हें अहमदाबाद बुलाया। बीबीसी के मुताबिक उनके भाई ने सामानों को लपेटने वाली प्लास्टिक की एक कंपनी खरीदी थी मगर वो चल नहीं पा रही थी। कंपनी को कच्चे माल की सप्लाई  पर्याप्त मात्रा में नहीं हो पा रही थी।

इसे एक अवसर में बदलते हुए अडानी ने कांडला पोर्ट पर प्लास्टिक ग्रैनुएल्स का आयात शुरू किया और 1988 में अडानी एंटरप्राइज़ लिमिटेड बनी। इसने मेटल, कृषि उत्पाद और कपड़ा जैसे उत्पादों की कमोडिटी ट्रेडिंग शुरू की। कुछ ही साल में ये कंपनी और अडानी इस बिजनेस में बड़ा नाम बन गए।

फोर्ब्स के मुताबिक साल 2017 में गौतम अडानी की कुल संपत्ति 5.8 अरब डालर थी और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 250वें नंबर पर थे। 2018 में उनकी संपत्ति बढ़कर 9.7 अरब डॉलर पर पहुंच गई और इसके साथ ही वह 154वें स्थान पर पहुंच गए। इसके बाद 2019 में यह घटकर 8.7 अरब डॉलर पर आ गई और फोर्ब्स की लिस्ट में 154वें स्थान से खिसकर 167वें स्थान पर पहुंच गए।

साल 2020 में भी बहुत ज्यादा ग्रोथ नहीं हुई यह केवल 8.9 अरब डॉलर पर ही पहुंच पाई। इसके साथ ही उनके रैंक में थोड़ा सुधार हुआ और वह 155वें स्थान पर पहुंच गए। गौतम अडानी के लिए साल 2021 कई बहुत बड़ा साबित हुआ। उनकी संपत्ति 8.9 अरब डॉलर से छलांग लगाकर या यूं कहिए उड़ान भर कर 50.5 अरब डालर पर पहुंच गई। इसके साथ ही फोर्ब्स की लिस्ट में 131 पायदान की छलांग लगाकर 24वें स्थान पर काबिज हो गए।

2022 तो 2021 से भी लकी

15 फरवरी 2022 को इनकी संपत्ति 83.6 अरब डॉलर पर पहुंची  और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर पहुंच गए। ठीक दो महीने बाद 15 अप्रैल को अडानी की संपत्ति 120 अरब डॉलर हो गई और दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में छठे स्थान पर काबिज हो गए हैं।हैं।

फोर्ब्स के मुताबिक अडानी ने सितंबर 2020 में भारत के दूसरे सबसे व्यस्त मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में 74% हिस्सेदारी हासिल की। अब वह देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा परिचालक है। अडानी हरित ऊर्जा का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक बनना चाहते हैं और उन्होंने कहा है कि वह अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं पर  70 बिलियन डॉलर तक का निवेश करेंगे