Placeholder canvas

पटियाला में हिंसा को लेकर अनुराग ठाकुर ने कानून व्‍यवस्‍था को लेकर ‘आप’ सरकार को घेरा

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को पंजाब में दो समूहों के बीच पटियाला हिंसा के लिए पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला किया। उन्‍होंने कहा कि यह राज्‍य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कई मौकों पर ‘आप’ की क्षमताओं पर संदेह जताया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि चुनावों से पहले भी ‘आप’ के इरादों और क्षमताओं के बारे में सवाल उठाए गए थे। लोगों के साथ उनके संबंधों और जिस तरह के विचार (खालिस्‍तानी ) को बढ़ावा देते हैं, उस पर बार-बार सवाल उठाए गए थे। पटियाला में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जो हुआ हुआ वह इस बात का संकेत है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह राज्य की तुलना में पंजाब के बाहर अधिक समय बिताते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य से ज्यादा समय पंजाब के बाहर बिता रहे हैं। क्या राज्य सरकार कुछ करने में सक्षम है? किसके संरक्षण में यह घटना हुई है? क्या राज्य सरकार उन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी जिन्होंने शांति भंग करने की कोशिश की?”। अनुराग ठाकुर ने सीमावर्ती राज्य में हिंसक घटना पर आप सरकार से जवाब मांगा और कहा कि केंद्र पंजाब में शांति और भाईचारा चाहता है।

उन्होंने कहा कि आप को जवाब देना होगा क्योंकि बहुत सारे सवाल उठ रहे हैं कि अगर इस तरह की घटनाएं किसी सीमावर्ती राज्य के किसी जिले में होती हैं, तो सही समय पर कदम उठाए जाने चाहिए। केंद्र और भाजपा पंजाब में शांति और भाईचारा चाहते हैं।

इस बीच, आप सुप्रीमो और दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पटियाला हिंसा के दोषियों को चेतावनी दी और कहा कि पंजाब में शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पटियाला में शनिवार को मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था, जहां दो समूहों के बीच झड़पें हुईं, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर घटना के सिलसिले में तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का भी तबादला कर दिया गया है।

पटियाला शहर में काली देवी मंदिर के पास शुक्रवार दोपहर दो समूहों के सदस्यों द्वारा एक-दूसरे पर पथराव और तलवार चलाने के बाद हुई झड़पों के बाद अधिकारियों ने रविवार सुबह छह बजे तक जिले में कर्फ्यू लगा दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया था। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

पटियाला की घटना पर पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि पटियाला में शांति हो चुकी है इस मामले में शिवसेना, अकाली दल और कांग्रेस के वर्कर थे। ये मामला दो समुदाय का नहीं था बल्कि दो राजनीतिक पार्टियां के वर्कर आपस में लड़े थे। पुलिस अधिकारियों को बदल दिया गया है। अभी शांति समिति की बैठक हुई है। हिंसा के बाद शनिवार सुबह पंजाब सरकार ने शहर में आज सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था।