Placeholder canvas

हमें राजनीति नहीं आती, पर स्कूल खोलना आता है… हिमाचल में अरविंद केजरीवाल ने मांगे 5 साल

पंजाब में बड़ी जीत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी ने अब हिमाचल प्रदेश में एंट्री के इरादे जाहिर कर दिए हैं। राज्य के मंडी जिले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रोड शो किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने पहाड़ी राज्य के लोगों से एक मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपने 30 साल कांग्रेस को दिए हैं, जबकि 17 साल भाजपा को भी मौका देकर देख लिया।

अब आम आदमी पार्टी को 5 साल के लिए मौका दे दीजिए, हम दिखा देंगे कि वास्तव में विकास क्या होता है। अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘हम नहीं जानते कि राजनीति कैसे की जाती है। लेकिन हम यह जानते हैं कि कैसे स्कूल खोले जाते हैं और भ्रष्टाचार समाप्त किया जाता है।’

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली में विकास किया है और पंजाब को भी उसी रास्ते पर आगे ले जा रहे हैं। खुली जीप में रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘आपने 30 साल कांग्रेस को दिए और 17 साल भाजपा को दिए हैं।

इन सभी लोगों ने हिमाचल को लूटने का ही काम किया है। हमें सिर्फ 5 साल दे दो। यदि आप संतुष्ट न हों तो फिर हमें हटा सकते हैं।’ भाजपा और कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी बताते अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप आम आदमी की पार्टी है, जिसका एकमात्र मकसद विकास करना है।