Placeholder canvas

छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने के बाबा साहेब के सपनों को पूरा करने का संकल्प : केजरीवाल

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने अधिकारियों के साथ सोमवार को दिल्ली के सरकारी स्कूलों का दौरा करने आ रहे हैं। इसकी जानकारी खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को दी है। भगवंत मान का यह दौरा तब हो रहा है जब हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पंजाब के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। आप की तरफ से इसे ट्रेनिंग और बिजली से जुड़ा कार्यक्रम बताया गया। इसी कड़ी में अब भगवंत मान दिल्ली के स्कूलों का दौरा करेंगे।

दरअसल, दिल्ली में भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की आप सरकार दिल्ली के सरकारी स्कूलों में आप के सत्ता में आने के बाद से हुए बदलाव को दोहराना चाहती है। स्कूलों में सुधार के लिए दिल्ली सरकार के कार्यों के बारे में केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने देश के सभी छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने के बाबा साहेब के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया है। 

इसके अलावा केजरीवाल ने अमेरिका की तत्कालीन प्रथम महिला द्वारा दिल्ली सरकार के स्कूल की यात्रा का भी उल्लेख किया। केजरीवाल ने कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप भारत की यात्रा के दौरान दिल्ली सरकार के स्कूल देखने आई थीं। यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अभी हाल में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी दिल्ली सरकार के स्कूल देखने आए थे।

बता दें कि दिल्ली सरकार ने आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में त्यागराज स्टेडियम में एक राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जहां केजरीवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम में जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना के तहत प्रशिक्षित छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा आंबेडकर के जीवन पर एक एनिमेटेड फिल्म ‘जय भीम’ के ट्रेलर का भी शुभारंभ हुआ।

मालूम हो कि हाल ही में अरविंद केजरीवाल की ओर से दिल्ली में पंजाब के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। इसको लेकर विपक्ष ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर ‘रिमोट कंट्रोल’ से चलने का आरोप लगाया। इस पर मान ने पलटवार करते हुए कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो ट्रेनिंग के लिए मैं अपने अधिकारियों को गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और यहां तक ​​कि इजरायल भी भेजूंगा। किसी को इस पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए।